हरियाणा के चरखी दादरी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रजिस्ट्री कार्यालय के एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी क्लर्क पर जमीन की रजिस्ट्री में लगी आपत्ति हटाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने ACB को बताया कि उसकी जमीन की रजिस्ट्री में एक आपत्ति लगी हुई थी। जब वह इस आपत्ति को हटवाने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा, तो वहां मौजूद क्लर्क ने काम करने के बदले ₹7 हजार की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता ने पैसे देने से इनकार किया और इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रोहतक से कर दी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। बाद में आरोपी क्लर्क और शिकायतकर्ता के बीच ₹5 हजार में सौदा तय हुआ।
ACB की टीम ने शिकायतकर्ता को तय राशि देकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत के ₹5 हजार लिए, पहले से मौके पर मौजूद टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ACB अधिकारियों के अनुसार, मामले की आगे जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की इस कार्रवाई से रजिस्ट्री कार्यालय में हड़कंप मच गया और अन्य कर्मचारियों में भी डर का माहौल देखा गया।
![]()











