पंजाब में पेट्रोल-डीजल को लेकर हड़कंप: अमृतसर-जालंधर में पंपों पर लंबी कतारें, चंडीगढ़ में ड्रम भराई बंद

4

पंजाब में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। खासतौर पर अमृतसर और जालंधर में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग टैंक फुल कराने के साथ-साथ अतिरिक्त ईंधन स्टोर करने के लिए भी पहुंच रहे हैं, जिससे कई जगहों पर लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं।

वहीं चंडीगढ़ में प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए ड्रम और कंटेनरों में डीजल देने पर रोक लगा दी है। यह फैसला कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए लिया गया है।

हालांकि, लुधियाना और पठानकोट में हालात फिलहाल सामान्य बने हुए हैं। यहां पेट्रोल पंपों पर भीड़ तो है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और ईंधन की सप्लाई भी नियमित चल रही है।

बताया जा रहा है कि कल ही एक तेल कंपनी ने पेट्रोल-डीजल के दामों में ₹5 तक की बढ़ोतरी की थी। इसी के बाद से लोगों में कीमतों के और बढ़ने की आशंका बढ़ गई, जिसके चलते लोग पहले से ही ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें, ताकि सभी को पर्याप्त मात्रा में ईंधन मिल सके।

Loading