मुखबिर की सूचना पर कार सवार आरोपी प्रदीप काबू
जींद : एवीटी स्टाफ जींद ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप निवासी कर्मगढ़ के रूप में हुई है।
उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि 16 मार्च 2026 को पुलिस टीम, सहायक उप निरीक्षक जसबीर सिंह के नेतृत्व में गांव मंगलपुर बस अड्डा क्षेत्र में अपराध रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान एक मुखबिर खास से सूचना मिली कि प्रदीप अपनी कार में हेरोइन लेकर मंगलपुर क्षेत्र में तस्करी के इरादे से आने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गांव सच्चाखेड़ा और मंगलपुर के बीच नहर पुल पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी, जिसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप निवासी कर्मगढ़ बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से काले रंग की पॉलिथीन में 31.95 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ को सील कर कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना सदर नरवाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
![]()











