विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है केंद्रीय बजट: एडवोकेट विजयपाल सिंह

24
वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट विजयपाल सिंह।
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : एक देश एक चुनाव के प्रदेश संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट विजयपाल सिंह ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को विकसित भारत का बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और भारत को आत्मनिर्भर व सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। एडवोकेट विजयपाल सिंह ने कहा कि बजट में गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सभी के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में किए गए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। यह बजट न केवल वर्तमान की जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए भी मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सिंचाई, कृषि सुधार और ग्रामीण विकास पर जोर देना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान हितैषी दृष्टिकोण को दर्शाता है। वहीं युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और रोजगार सृजन से जुड़े प्रावधान देश के भविष्य को सुरक्षित करेंगे। एडवोकेट विजयपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बजट में किए गए प्रावधान समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। साथ ही मध्यम वर्ग को राहत देने वाले कदम उनकी आर्थिक मजबूती में सहायक होंगे। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की प्रशंसा करते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद संतुलित और दूरदर्शी बजट पेश किया गया है। यह बजट भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास, विश्वास और भविष्य का बजट है, जो भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

Loading