साइड को लेकर दो कारों में टक्कर, इनोवा डिवाइडर पर चढ़ी

6
Chandigarh car accident

स्कूल जा रही महिला की कार को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

चंडीगढ़ में साइड देने को लेकर दो कारों के बीच टक्कर हो गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक इनोवा कार बेकाबू होकर डिवाइडर में जा फंसी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और एक महिला बाल-बाल बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय ट्रैफिक अधिक था। इसी दौरान एक कार ने दूसरी कार से साइड को लेकर अचानक ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़कर अटक गई।

बताया जा रहा है कि जिस कार को टक्कर लगी, उसमें एक महिला स्कूल के लिए जा रही थी। हादसे के समय वह वाहन में अकेली थी। टक्कर के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसकी मदद की। महिला को हल्की चोटें आईं, लेकिन वह सुरक्षित है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सामान्य कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर संयम और सावधानी बरतें।

Loading