जेसीआई दॉ ग्रेट सफीदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

11
Safidon JCI

जेसी पूनम सिंगला मित्तल बनी अध्यक्ष

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में जेसीआई द ग्रेट सफीदों का शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप से किया गया, जिसमें सामाजिक, शैक्षणिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एडवोकेट विजयपाल सिंह, जोन अध्यक्ष जेसी अमित गौड़, जेडवीपी जेसी राहुल गर्ग व जेसी ज्योति द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्था की नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेसी पूनम सिंगला मित्तल ने अपनी युवा और ऊर्जावान टीम के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधान विपिन मित्तल ने विधिवत रूप से गेवल सौंपकर अध्यक्ष पूनम सिंगला मित्तल को पदभार हस्तांतरित किया। मुख्य अतिथि एडवोकेट विजयपाल सिंह ने अपने संबोधन में नवनियुक्त अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जेसीआई जैसे संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पद को केवल सम्मान नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करना चाहिए। पदभार ग्रहण करने के बाद पदाधिकारी की भूमिका समाज और संगठन के प्रति और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने जेसीआई की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह एक ऐसी संस्था है जहां जिम्मेदार पदाधिकारी अपने पद को सम्मानपूर्वक और खुशी-खुशी अगले पदाधिकारी को सौंपते हैं, जो संगठनात्मक संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है। नवनियुक्त अध्यक्ष पूनम सिंगला मित्तल ने अपने संबोधन में अपने कार्यकाल का विजन प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में युवाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर प्रदान करना, सामाजिक सरोकारों को सशक्त बनाना तथा सफीदों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना शामिल है। समारोह में जेसी जितेंद्र मान, जेसी चितरेस भोला, जेसी चिराग गर्ग, जेसी अश्वनी, जेसी विपिन मित्तल, जेसी नितिन अग्रवाल, जेसी सुमित बिंदलिश, जेसी आशिष कंसल, जेसी नितिन पाहवा, जेसी विकास सूरी, जेसी अमित राणा, जेसी संजीव पुण्डीर, जेसी प्रिंस मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Loading