स्वामी श्रद्धानंद बलिदान दिवस पर होगा 31 कुंडीय महायज्ञ

7
Safidon Arya Samaj

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में नगर के आर्य समाज मंदिर में 22 फरवरी को 31 कुंडीय महायज्ञ एवं वैदिक सत्संग का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर आर्य समाज से जुड़े श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए आर्य समाज सफीदों के प्रधान यादवेंद्र सिंह बराड़ ने बताया कि कार्यक्रम 22 फरवरी को प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ से होगी, जिसमें श्रद्धालु आहुतियां देकर विश्व शांति, समाज कल्याण और राष्ट्र की उन्नति की कामना करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में यज्ञ ब्रह्मा एवं मुख्य वक्ता के रूप में स्वामी धर्मदेव महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जो स्वामी श्रद्धानंद के जीवन, त्याग और राष्ट्र सेवा से जुड़े प्रेरणादायक विचार श्रद्धालुओं के समक्ष रखेंगे। वहीं भजनोंपदेशक पंडित अभिषेक आर्य, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से पधारकर वैदिक भजनों और उपदेशों के माध्यम से आर्य समाज की अलख जगाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान स्वामी श्रद्धानंद के आदर्शों, उनके बलिदान और समाज सुधार के लिए किए गए योगदान को भी स्मरण किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन चरित्र से प्रेरणा ले सके।

Loading