दुकान से घर लौट रहे बच्चे को घर में खींचकर गेट बंद किया,
परिजनों ने पहुंचकर आरोपी को पकड़ा
जींद : थाना जुलाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

थाना जुलाना के प्रभारी निरीक्षक विक्रम जोशन ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भतीजा दुकान से वापस घर आ रहा था। इसी दौरान आरोपी राजबीर निवासी निडाना बच्चे को जबरन अपने घर के अंदर खींचकर ले गया और गेट बंद कर लिया।
जब बच्चे के परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और घर का गेट खोलकर अंदर घुसे तो उन्होंने देखा कि आरोपी बच्चे के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था और गलत काम करने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद परिजनों ने बच्चे को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में आरोपी राजबीर निवासी निडाना के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं सहित बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 मार्च को आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जींद पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

![]()











