दो चोरों समेत एक स्क्रैप परचेजर काबू,
चोरी का सामान बरामद; एक अन्य वारदात का भी खुलासा
जींद : सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने फैक्टरी में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है, साथ ही पूछताछ में एक अन्य चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है।
सीआईए स्टाफ नरवाना के इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि 2 नवंबर 2025 को शिकायतकर्ता वैभव पुत्र दिवान बालकृष्ण निवासी मॉडल टाउन नरवाना ने थाना शहर नरवाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस नरवाना के पास स्थित नेहा इस्पात फैक्टरी से अज्ञात व्यक्ति कॉपर की केबल, एक विंडो एसी, एक इनवर्टर, दो बैटरियां, जनरेटर की दो बैटरियां, एक लैपटॉप तथा बाथरूम की टूटियां सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना शहर नरवाना में 2 नवंबर 2025 को धारा 331(4) व 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच सीआईए स्टाफ नरवाना को सौंपी गई। जांच के दौरान तकनीकी व गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय उर्फ गोलू व सागर निवासी नरवाना को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया कुछ सामान उन्होंने साधुराम निवासी धर्मसिंह कॉलोनी नरवाना को बेच दिया था, जो कबाड़ का काम करता है। पुलिस ने साधुराम को भी काबू कर लिया और उससे चोरी के सामान की नकदी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
![]()











