48 किलो से अधिक गांजा बरामदगी मामले में कार्रवाई,
प्रोडक्शन वारंट पर लाकर लिया 8 दिन के पुलिस रिमांड
जींद : थाना गढ़ी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक नशा सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जिससे मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। थाना गढ़ी के प्रभारी उप निरीक्षक मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 जून 2025 को सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने गांव धमतान साहिब की अनाज मंडी से नशा तस्कर सुनीता निवासी सहंसी बस्ती धमतान साहिब के कब्जे से 48 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया था। बरामद गांजे को नियमानुसार सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया था।
इस मामले में थाना गढ़ी में महिला आरोपी सुनीता के खिलाफ धारा 20C, 29, 61 व 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पूछताछ में महिला आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त का काम संदीप निवासी अलखपुरा के साथ करती थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 14 मार्च 2026 को आरोपी संदीप निवासी अलखपुरा के खिलाफ माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए। अदालत में पेश होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर जांच में शामिल किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।
![]()











