युवक की हत्या कर नहर में फेंका था शव,
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दबोचा
जींद : जींद पुलिस ने हत्या के मामले में दो साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को पुलिस ने तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर काबू किया है।
थाना सदर नरवाना के प्रभारी ने बताया कि 12 मई 2024 को थाना सदर नरवाना में धारा 302, 201 व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता महेंद्र निवासी गांव ढाणा (कनीना) ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसका पुत्र हरिश मई 2024 में अपने दोस्त विकास के भाई की शादी में गया था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
इसी दौरान थाना सदर हिसार पुलिस को सूचना मिली कि न्याणा नहर में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सिविल अस्पताल हिसार में रखवाया। बाद में मृतक की पहचान उसके पिता महेंद्र ने अपने पुत्र हरिश के रूप में की।
महेंद्र ने अपने बयान में आरोप लगाया कि उसके पुत्र की हत्या उसके दोस्त विकास निवासी गांव झील तथा उसके साथियों ने की है। मामले की जांच के दौरान थाना सदर नरवाना पुलिस ने तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विकास निवासी झील को 14 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
![]()











