तेज हवाओं और बरसात से फसलें गिरीं; नुकसान के बाद मुआवजे की मांग
झज्जर जिले में देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम के अचानक बदले मिजाज के कारण कई गांवों में खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों का कहना है कि तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से गेहूं की फसल खेतों में जमीन पर बिछ गई, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय किसानों के अनुसार फसल इस समय पकने की स्थिति में थी, लेकिन आंधी के कारण कई जगहों पर गेहूं की बालियां झुककर जमीन पर गिर गईं। इससे कटाई के समय दिक्कतें बढ़ सकती हैं और पैदावार भी कम होने की संभावना है। इसके अलावा सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि तेज हवा और बारिश के कारण सरसों की फलियां झड़ गईं, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
किसानों ने बताया कि मौसम में अचानक आए इस बदलाव से खेतों में पानी भी भर गया, जिससे फसल की हालत और खराब हो सकती है। कई गांवों में किसान सुबह खेतों का जायजा लेने पहुंचे तो फसलों की स्थिति देखकर चिंतित नजर आए।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाने और मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सर्वे कराकर सहायता नहीं दी गई तो उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा।
वहीं कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा। अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
![]()











