विधायक ने मुख्यमंत्री की विकास रैली का दिया निमंत्रण
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि आगामी 4 अप्रैल को सफीदों की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की विकास रैली क्षेत्र के विकास के लिए एक नई दिशा तय करेगी। उन्होंने बताया कि इस रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। विधायक रामकुमार गौतम बुधवार को अपने जनसम्पर्क कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों अमरावली खेड़ा, भुरान, पिल्लू खेड़ा, धड़ौली, भडताना, लुदाना, भम्भेवा, मालसरी और मोरखी सहित लगभग 10 गांवों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और मांग पत्र एकत्रित किए। साथ ही उन्होंने सभी गांव वासियों को 4 अप्रैल को सफीदों में आयोजित विकास रैली में पहुंचने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से यह रैली निश्चित रूप से ऐतिहासिक बनेगी और विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। सरकार का उद्देश्य हर गांव की जनहित से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना है, ताकि समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके। विधायक रामकुमार गौतम ने कार्यकर्ताओं, पंचों, सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और आवश्यकताओं की एक व्यवस्थित सूची तैयार करें। यह सूची रैली के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाकर उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा सके।
![]()











