विधायक रामकुमार गौतम होंगे मुख्यातिथि
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद और ब्राह्मण सभा उपमण्डल सफीदों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता उपमण्डल सभा के प्रधान श्यामलाल ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य भगवान भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव को लेकर व्यापक स्तर पर चर्चा करना रहा। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। बैठक में संजीव गौतम ने 26 अप्रैल को श्री परशुराम जन्मोत्सव मनाने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दोनों संगठन मिलकर इस पावन अवसर को भव्य रूप से मनाएंगे। कार्यक्रम के तहत सबसे पहले ब्राह्मण सभा उपमण्डल सफीदों के प्रांगण में विशाल हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा के बाद श्री नागक्षेत्र मंदिर हाल में विशाल भंडारे और मान-सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के प्रतिष्ठित लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम में 36 बिरादरी के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया जा सके। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस मौके पर सत्यदेव चौबे, रामप्रताप पोलिस्त, सतपाल सत्ती, विनोद मिश्रा, प्रिंस जमदग्नि, सुरेश भारद्वाज, पुरुषोत्तम शर्मा, मा. सतबीर शर्मा, मा. खजान चन्द शर्मा, शिवकुमार वत्स, रामनिवास शर्मा, पंडित राममेहर शर्मा, पंडित रामगोपाल शाण्डिल्य और एडवोकेट विक्रम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()











