खातला गांव में गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग

6
Wheat Crop Damage

अढाई एकड़ फसल जलकर राख

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव खातला में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते लगभग अढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव खातला निवासी किसान सूरत के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग भड़क उठी। दोपहर के समय लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। खेत से उठती लपटों और धुएं को देखकर आसपास के किसान तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। इस आगजनी की घटना में किसान सूरत की लगभग अढाई एकड़ गेहूं की पूरी खड़ी फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने बताया कि उसने बड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ फसल तैयार की थी, लेकिन एक ही झटके में सब कुछ खत्म हो गया। इस नुकसान से उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गांव के किसानों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अनुमान है कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण से लगी हो सकती है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि उन्हे जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वह अपने नुकसान की भरपाई कर सके और दोबारा खेती कर सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।

Loading