ज्योतिबा फुले ने अपना जीवन वंचितों के उत्थान में लगाया: सत्यवान सैनी
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की महाराजा शूरसैनी धर्मशाला में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सैनी समाज के प्रधान सत्यवान सैनी ने की। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर महात्मा फुले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महात्मा फुले के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में सत्यवान सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा को समाज में परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया और महिलाओं तथा दलितों के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। सत्यवान सैनी ने कहा कि आज के दौर में भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने और एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए हमें एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने समाज में फैली ऊंच-नीच की भावना के खिलाफ आवाज उठाई और शिक्षा के माध्यम से नई चेतना जगाई। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, भाईचारे और शिक्षा के प्रसार के लिए कार्य करें। इस मौके पर सैनी धर्मशाला के प्रधान राजबीर सैनी, बहादुर सैनी, सुभाष सैनी, रोशन सैनी, अमन सैनी विशेष रूप से मौजूद रहे।
![]()











