एडवोकेट एमपी जैन बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष तो बिल्लू सिंगला बने संगठन मंत्री
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : अग्रवाल वैश्य समाज में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश स्तर पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। इस प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी में सफीदों के अग्रबंधुओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिसमें सफीदों के वरिष्ठ अधिवक्ता एमपी जैन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ समाजसेवी विनोद सिंगला उर्फ बिल्लू को संगठन मंत्री नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को लेकर सफीदों के अग्रबंधुओं में खुशी की लहर है तथा दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों के निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
दोनों पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी करते हुए प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने कहा कि इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित कर उसकी भागीदारी को सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़ाना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाज की एकता और मजबूती के लिए सभी सदस्यों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। नई टीम के गठन से समाज को नई दिशा मिलेगी और इसके माध्यम से समाज के हितों की रक्षा और उन्नति सुनिश्चित की जा सकेगी। वहीं, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उनके ऊपर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के हितों की रक्षा करने और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को गति देने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
![]()











