डिडवाड़ा खरीद केंद्र पर गेहूं उठान ठप

5
wheat procurement

किसान और आढ़ती परेशान

मार्किट कमेटी सचिव ने हैफेड का लिखा पत्र 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों उपमंडल के गांव डिडवाड़ा स्थित गेहूं खरीद केंद्र पर उठान कार्य की धीमी गति ने किसानों और आढ़तियों की परेशानी बढ़ा दी है। मंडी में चारों ओर गेहूं के ढेर और कट्टों का अंबार लगा हुआ है, लेकिन उठान न होने के कारण हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं। सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए इस खरीद केंद्र पर आसपास के कई गांवों का गेहूं बड़ी मात्रा में पहुंच रहा है। यहां करीब चार आढ़ती किसानों की फसल की खरीद करवाने का कार्य कर रहे हैं। लेकिन कट्टों का उठान समय पर न होने के कारण मंडी में जगह की भारी कमी हो गई है। किसानों को मजबूरन अपनी फसल कच्चे स्थानों पर डालनी पड़ रही है। आढ़तियों व किसानों का कहना है कि उन्हें अपनी फसल की सुरक्षा के लिए दिन-रात पहरा देना पड़ रहा है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि जब तक गेहूं का उठान नहीं होगा, तब तक किसानों के खातों में भुगतान भी नहीं पहुंचेगा। इस देरी के चलते किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनमें रोष भी बढ़ता जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मार्केट कमेटी सफीदों के सचिव अनिल कुमार ने खरीद एजेंसी हैफेड को पत्र लिखकर जल्द उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कमेटी के सचिव ने पत्र में बताया कि डिडवाड़ा खरीद केंद्र पर अब तक लगभग 34 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। आढ़तियों द्वारा गेहूं को कट्टों में भरकर रेडी टू लिफ्ट कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद उठान कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। अब तक केवल लगभग 11 प्रतिशत गेहूं का ही उठान हो पाया है, जो चिंता का विषय है। सचिव ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उठान नहीं हुआ और बारिश के कारण गेहूं को नुकसान हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। आढ़तियों और किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि डिडवाड़ा खरीद केंद्र से गेहूं का उठान तुरंत प्रभाव से शुरू करवाया जाए। साथ ही उठान के लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।

Loading