कूड़ा डंपिंग पॉइंट के रास्ते को लेकर के नहरी विभाग व नगर पालिका आमने-सामने

1
Garbage Crisis

पोल गाड़कर डंपिंग पॉइंट का रोका गया रास्ता

नगर पालिका में सड़ रहे कूड़े से भरे ट्रैक्टर-ट्राली 

शहर में सफाई व्यवस्था चरमराई 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में कूड़ा निस्तारण को लेकर नगर पालिका प्रशासन और नहरी विभाग के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। डंपिंग पॉइंट तक जाने वाले रास्ते को अचानक बंद किए जाने के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हालात यह हैं कि कूड़े से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली नगर पालिका परिसर में ही खड़े-खड़े सड़ने लगे हैं, जिससे बदबू और गंदगी की समस्या बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका द्वारा कूड़ा डंप करने के लिए पानीपत रोड पर करीब 3 किलोमीटर दूर दो एकड़ जमीन पांच साल के लिए ठेके पर ली गई थी। यहां चारदीवारी कर डंपिंग पॉइंट बनाया गया और अस्थाई रूप से शहर का कूड़ा वहां भिजवाया जा रहा था। लेकिन डंपिंग साइट तक जाने वाले रास्ते पर नहरी विभाग द्वारा सीवरेज के मोटे पोल गाड़कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया। स्थिति को और गंभीर बनाते हुए, सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों की हड़ताल भी जारी है। ऐसे में शहर के अलग-अलग इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने अस्थाई व्यवस्था के तहत ट्रैक्टरों में कूड़ा एकत्रित कर डंपिंग पॉइंट तक भेजना शुरू किया था, लेकिन रास्ता बंद होने से यह व्यवस्था भी ठप हो गई है। बताया जा रहा है कि नहरी विभाग ने डंपिंग पॉइंट तक रास्ता उपयोग करने के लिए नगर पालिका से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों विभागों के बीच विवाद गहरा गया है। मामले को सुलझाने के लिए मंगलवार को दोनों विभागों के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे और कानूनी प्रक्रिया के तहत रास्ता खोलने पर निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि सफीदों नगर पालिका के पास लंबे समय से कूड़ा निस्तारण के लिए कोई स्थायी स्थान नहीं था। पहले हुड्डा सेक्टर में कूड़ा डाला जाता था, लेकिन वहां प्रतिबंध लगने के बाद नगर पालिका को नई जगह तलाशनी पड़ी। शहर के आसपास कूड़ा डालने के प्रयासों का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके चलते यह नई व्यवस्था की गई थी।
बाक्स:
क्या कहते हैं नहरी विभाग के एक्सईएन
इस मामले में नहरी विभाग के एक्शन रघुवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
बॉक्स:
क्या कहते हैं नगर पालिका सचिव
नगर पालिका सचिव आशीष ने कहा कि कूड़े की समस्या को देखते हुए पानीपत रोड पर जमीन ठेके पर ली गई थी। उन्होंने बताया कि एनओसी के लिए नहरी विभाग को एक सप्ताह पहले ही पत्र भेजा जा चुका है। रास्ता बंद होने की जानकारी मिली है और विभाग से बातचीत कर जल्द समाधान निकाला जाएगा।

Loading