ऋषिकेश घटना के बाद सोशल मीडिया पर बढ़ा तनाव, ‘बॉयकॉट उत्तराखंड’ अभियान हुआ ट्रेंड

5
Boycott Uttarakhand

ऋषिकेश में हरियाणा के कुछ युवकों के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद सोशल मीडिया पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद ‘बॉयकॉट उत्तराखंड’ हैशटैग तेजी से ट्रेंड करने लगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर्स और यूजर्स ने वीडियो और पोस्ट साझा कर नाराजगी जाहिर की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में दावा किया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की गाड़ियों को निशाना बनाया जा रहा है। इसी बीच कुछ एन्फ्लुएंसर्स की तीखी टिप्पणियां भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। एक वायरल बयान में कहा गया कि “इनके चूल्हे हम चलाते हैं, ये भूखे मरेंगे”, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। हालांकि प्रशासन की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद दोनों राज्यों के लोगों के बीच ऑनलाइन बहस बढ़ गई है। कई यूजर्स शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील भी कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग पर्यटन और स्थानीय व्यापार पर इस विवाद के असर को लेकर चिंता जता रहे हैं। उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा पर्यटन पर आधारित है और हरियाणा सहित उत्तर भारत से बड़ी संख्या में पर्यटक वहां पहुंचते हैं।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अपुष्ट सामग्री साझा न करने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी भी राज्य या समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है, जबकि लोग प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Loading