रिश्वतखोरी पर ACB का बड़ा एक्शन, HSVP कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

15
Kaithal News

कैथल : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी सफलता हासिल की है। कैथल में HSVP के एक कर्मचारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी कर्मचारी पर वीटा बूथ की परमिशन देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसे वीटा बूथ स्थापित करने के लिए अनुमति चाहिए थी। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने फाइल आगे बढ़ाने और अनुमति जारी करने के बदले 60 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई की योजना बनाई।

जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर ACB टीम ने ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई HSVP कार्यालय में की गई, जहां टीम ने जरूरी साक्ष्य भी जुटाए।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ACB अधिकारियों का कहना है कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ACB की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रिश्वतखोरी पर सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

Loading