दादा खेड़ा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

1
Dada Kheda Temple

भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक माने जाने वाले दादा खेड़ा मंदिर परिसर में रविवार को दादा खेड़ा सेवा व सुधार समिति के तत्वावधान में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-यज्ञ के साथ हुई, जिसमें आचार्य पुरुषोत्तम कौशिक के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। हवन में आहुति डालते हुए लोगों ने परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र के कल्याण की प्रार्थना की। हवन के उपरांत श्रद्धालुओं ने दादा खेड़ा की धोक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज के गांवों और शहरों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर आचार्य पुरुषोत्तम कौशिक ने दादा खेड़ा के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थान श्रद्धा और विश्वास का केंद्र है, जहां आकर लोगों को मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ लोगों में नैतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। दादा खेड़ा सेवा व सुधार समिति के प्रधान राजेंद्र सैनी ने बताया कि यह भंडारा हर वर्ष बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में भाईचारे, सहयोग और एकजुटता का भी संदेश देता है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष इस आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देते हैं।

Loading