बिजली गोदाम में सेंध, लाखों का सामान चोरी

1

पुलिस ने अज्ञात चोरों पर किया मामला दर्ज 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव खेड़ा खेमावती में अज्ञात चोरों ने एक बिजली के गोदाम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव गांगोली निवासी कपिल ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव खेड़ा खेमावती स्थित उसके बिजली के गोदाम में 20 जून की रात करीब आठ बजे के बाद अज्ञात चोरों ने सेंध लगा दी। चोर गोदाम के पिछले दरवाजे से अंदर घुसे और बड़ी ही सुनियोजित तरीके से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। कपिल के अनुसार, चोर गोदाम से पांच जियो स्विच, करीब साढ़े तीन क्विंटल एल्युमिनियम की तार, सात फुट के 15 चैनल, 100 मीटर वाले पांच पीवीसी केबल के बंडल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना का पता अगले दिन सुबह उस समय चला जब गोदाम मालिक वहां पहुंचा और सामान बिखरा हुआ देखा। गोदाम का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि चोर इसी रास्ते अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। जांच अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Loading