पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब मेधावी विद्यार्थियों का हुआ अभिनंदन

20
Blood Donation Camp,

सफीदों (एस• के• मित्तल) : सरस्वती सेवा समिति के तत्वावधान में नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र मंदिर हॉल में समाजसेवी एवं रंगमंच के प्रख्यात कलाकार रहे स्वर्गीय भगवान दास मित्तल की पुण्यतिथि के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, शिक्षा और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों की भागीदारी ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम को आध्यात्मिक दिशा देने के लिए आयुर्वेदाचार्य स्वामी शंकरानंद सरस्वती का सानिध्य प्राप्त हुआ, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के सदस्य डॉ. आनंद शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य विकास मलिक ने की और मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षाविद् एवं समाजसेवी नरेश सिंह बराड़ ने शिरकत की। वहीं सम्मानित अतिथि के रूप में पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय बिट्टा, पालिका उपप्रधान अखिल गुप्ता, समाजसेवी शिवचरण दास गर्ग, स्वर्गीय भगवान दास मित्तल के परम मित्र एवं समाजसेवी राकेश गोयल भोला, आचार्य पुरुषोत्तम शर्मा, पार्षद हरीश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. भगवान दास मित्तल की प्रतीमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। अतिथियों ने रक्तदाताओं का बैज लगाकर अभिनंदन किया। वहीं रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं सैंकड़ो मेधावी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रवीन मित्तल, श्याम स्वामी व महाबीर मित्तल ने अतिथियों को बुके, पगड़ी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने कहा, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है। यह केवल एक सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और समाज में जागरूकता फैलाएं। उन्होंने स्वर्गीय भगवान दास मित्तल के जीवन को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे न केवल एक उत्कृष्ट रंगमंच कलाकार थे, बल्कि समाजसेवा में भी उनका योगदान प्रेरणादायक रहा है। उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस मौके पर समाजसेवी खरैती लाल गुंबर, भाजपा महिला जिलाध्यक्ष कविता शर्मा, अग्रवाल वैश्य समाज की महिला जिलाध्यक्ष सरोज गोयल, शिक्षाविद् रूचि कंसल, पार्षद कपिल शर्मा, उडान ग्रुप की अध्यक्ष ज्योति थनई, अग्रवाल वैश्य समाज के तीर्थराज गर्ग, भारत विकास परिषद सर्पदमन शाखा के अध्यक्ष कृष्ण जैन, समाजसेवी डा. केसी भट्‌टी, भारत विकास परिषद सर्पदमन शाखा के संरक्षक संजीव दीवान, जेडी स्कूल के चेयरमैन विजय भारद्वाज व समाजसेवी अमन जैन प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Loading