सफीदों (एस• के• मित्तल) : थाना सदर सफीदों पुलिस ने गांव डिडवाड़ा में हरिजन समिति की जमीन से छेड़छाड़ और निर्माण सामग्री चोरी करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता किरण पाल निवासी गांव डिडवाड़ा ने बताया कि गांव में हरिजन समिति की करीब 185 कनाल 8 मरले जमीन की बोली 16 जुलाई 2025 को करवाई गई थी। यह बोली रविंद्र के नाम पर हुई थी, जिसे समिति की ओर से उक्त जमीन का उपयोग करने का अधिकार दिया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद भी गांव के ही कुछ लोगों रविंद्र, साहिल, प्रमोद, विनोद और संजीव ने नियमों का उल्लंघन करते हुए उक्त जमीन पर अवैध रूप से दखल देना शुरू कर दिया। आरोप है कि इन लोगों ने समिति की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए ट्यूबवेल से जुड़ी खाल (पानी की नाली) को उखाड़ दिया और वहां लगी ईंटों को निकालकर ले गए। किरण पाल ने आरोप लगाया कि इस घटना से समिति की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सदर सफीदों पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
![]()











