आफताबगढ़ व संदिग्ध डेरों में पुलिस का सघन सर्च ऑपरेशन डॉग स्क्वायड ने भी खंगाले संभावित ठिकाने

4
Aftabgarh
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए सफीदों पुलिस ने गांव आफताबगढ़ और आसपास के संदिग्ध डेरों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। डीएसपी गौरव शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कई संभावित स्थानों की गहनता से तलाशी ली और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। सर्च अभियान में सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार, सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार और सीआईए स्टाफ प्रभारी राधेश्याम अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर वहां बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। डॉग स्क्वायड की टीम ने संभावित ठिकानों को खंगालते हुए संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों की जांच की। डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाना तथा नशे के कारोबार से जुड़े संभावित लोगों और ठिकानों की पहचान करना था। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई। हालांकि, सघन तलाशी और चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। इसके बावजूद पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे इलाकों में अचानक सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। डीएसपी गौरव शर्मा ने कहा कि नशा युवाओं और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी ढंग से रोक लगाना और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी या बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

Loading