दर्जनों लोगों ने नागक्षेत्र सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : ऐतिहासिक नगरी सफीदों में महाभारतकालीन नागक्षेत्र सरोवर पर चल रहे कार्तिक मास स्नान का आज विधिवत समापन हो गया। इस पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद के प्रधान संजीव गौतम के संयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अलसुबह उठकर भजन-कीर्तन करते हुए पैदल नगर के ऐतिहासिक नागक्षेत्र सरोवर पहुंचे। सरोवर तट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना के साथ परिक्रमा की। सरोवर के किनारे पंडित संजीव गौतम के सानिध्य में विशाल हवन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर आहुति डाली और समाज व परिवार की सुख-शांति की कामना की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरपर्सन अनीता अलधखा और चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय अधलखा शामिल हुए। मुख्य अतिथि चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय अधलखा ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस पवित्र अवसर पर पूजन और हवन करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि नागक्षेत्र सरोवर महाभारतकालीन स्थल है और कार्तिक मास में यहां स्नान करना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। कार्यक्रम संयोजक संजीव गौतम ने कहा कि कार्तिक मास हिंदू धर्म में सबसे श्रेष्ठ महीना है। शास्त्रों के अनुसार ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र नदियों या सरोवरों में स्नान करने से सभी पापों और कष्टों से मुक्ति मिलती है तथा भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
![]()











