अंबाला में कुत्तों के झुंड ने 9 वर्षीय बच्चे पर किया हमला, गंभीर हालत में PGI रेफर

4
Ambala News

अंबाला के छोटा कोट कछुआ में बुधवार शाम आवारा कुत्तों के झुंड ने नौ वर्षीय अशोक पर हमला कर दिया। बच्चे के चेहरे, होंठ, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी के लिए चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया।

अशोक का परिवार बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है। पिछले करीब दो साल से परिवार खेत में बने कमरे में रहकर मजदूरी कर रहा है। अशोक स्थानीय सरकारी स्कूल में पहली कक्षा का छात्र है। घटना के समय उसके पिता खेत में मजदूरी करने गए हुए थे।

बच्चे की मां रंजू देवी ने बताया कि वह शाम को खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान छोटा बेटा आदित्य रोते हुए उनके पास पहुंचा और बताया कि अशोक को कुत्तों ने घेर लिया है। यह सुनकर वह तुरंत मौके की ओर दौड़ीं। उनके अनुसार, करीब 10 से 15 कुत्ते बच्चे पर हमला कर रहे थे।

बच्चे और मां का शोर सुनकर आसपास के लोग तथा खेत मालिक अमन सैनी मौके पर पहुंचे। लोगों ने लाठियों, डंडों और ईंट-पत्थरों की मदद से कुत्तों को भगाया। इसके बाद बच्चे को वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

नागरिक अस्पताल के डॉक्टर मोहित पाठक के अनुसार, बच्चे की छाती और कमर को छोड़कर लगभग पूरे शरीर पर कुत्तों के काटने के 30 से अधिक गहरे निशान थे। चेहरे और होंठ की चोटें भी गंभीर थीं। घाव गहरे होने के कारण तत्काल टांके लगाना संभव नहीं था। बच्चे को प्राथमिक उपचार देकर PGI भेजने का निर्णय लिया गया।

रेफर किए जाने के बाद रंजू देवी करीब दो घंटे तक साथ जाने के लिए लोगों से मदद मांगती रहीं। उन्होंने कहा कि उन्हें चंडीगढ़ में अस्पताल की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। अस्पताल कर्मचारी अमित ने आर्थिक सहायता की। रात करीब साढ़े आठ बजे अशोक को एंबुलेंस से चंडीगढ़ PGI भेज दिया गया।

Loading