पंचकूला के पिंजौर स्थित मॉडल टाउन में रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट के बंद मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपए की नकदी चोरी हो गई। शिकायत के अनुसार, चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डर भी ले गए। शनिवार को दंपती के घर लौटने पर घटना का पता चला। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मकान मालिक सुरिंद्र पाल मेहरा ने बताया कि वह चंडीगढ़ शिक्षा विभाग से सुपरिटेंडेंट के पद से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी पत्नी पवन मेहरा के साथ मॉडल टाउन में रहते हैं। दोनों 20 सितंबर की शाम करीब छह बजे मकान को ताला लगाकर बिटना रोड स्थित अपनी बेटी के घर गए थे।
तीन अक्टूबर की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दंपती वापस लौटे। मेन गेट और कैंची गेट का ताला खोलने के बाद उन्होंने देखा कि सीढ़ियों की तरफ से लॉबी में आने वाले दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। अंदर पहुंचने पर अन्य कमरों के दरवाजों, अलमारी के लॉकर और लोहे के बक्से के ताले भी टूटे मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था।
सुरिंद्र पाल के अनुसार, जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। उन्होंने बताया कि पहले आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। इसके बाद पिंजौर पुलिस स्टेशन को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना पर पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट सिपाही राहुल कुमार की टीम ने घटनास्थल से निशान जुटाए और फोटोग्राफी करवाई।
पीड़ित ने बताया कि मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन उनका डीवीआर भी चोरी हो गया। उन्होंने आसपास के मकानों में लगे कैमरों की फुटेज एकत्र करके पुलिस को सौंपने की बात कही है।
पिंजौर थाने के जांच अधिकारी मनदीप ने बताया कि चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज और घटनास्थल से जुटाए साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
![]()











