फतेहाबाद पुलिस की बड़ी सफलता —
पौने तीन करोड़ की हेरोइन के साथ पंजाब का ड्रग तस्कर दबोचा
Fatehabad News – हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक पंजाब निवासी ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर पौने तीन करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पंजाब से फतेहाबाद क्षेत्र में नशे की सप्लाई देने आया हुआ था। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति महंगे दामों पर नशा बेचने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो करीब 530 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.75 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और अब उसकी सप्लाई चैन और नेटवर्क की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह पंजाब से हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली तक नशे की खेप पहुंचाने में शामिल था।
एसपी फतेहाबाद ने बताया कि जिले में ड्रग्स के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से पुलिस प्रशासन को जहां बड़ी कामयाबी मिली है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
![]()








