हाईवे पर पकड़ा शराब से भरा ट्रक, दो आरोपी गिरफ्तार

4
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : CIA स्टाफ ने 152-D नेशनल हाईवे पर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के जिला दतिया निवासी निलेश और लखपत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शराब की पेटियों से बैच नंबर, मैन्युफैक्चरिंग डिटेल और होलोग्राम संबंधी जानकारी फाड़कर या मिटाकर तस्करी की जा रही थी। उप पुलिस अधीक्षक जींद ऋषभ सौढ़ी ने बताया कि CIA स्टाफ की टीम गश्त और अपराध की रोकथाम के दौरान जींद-सफीदों रोड पर 152-D नेशनल हाईवे के पुल के नीचे मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लोड है और उसे हाईवे के रास्ते राजस्थान की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जामनी टोल से करीब 500 मीटर पहले हाईवे पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद अंबाला की तरफ से एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक को साइड में रोककर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक समेत दो लोगों को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार ट्रक की तलाशी लेने पर उसकी पूरी बॉडी काले रंग के तिरपाल से ढकी मिली। तिरपाल हटाकर जांच की गई तो अंदर अंग्रेजी शराब की बड़ी संख्या में पेटियां बरामद हुईं। इनमें 202 पेटियों में 2424 बोतल व 798 पेटियों में 38304 पव्वे बरामद किए गए। शराब के संबंध में जब आरोपियों से लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने बरामद शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि शराब को प्लास्टिक दाने के फर्जी बिल की आड़ में चंडीगढ़ से मध्यप्रदेश ले जाने की कोशिश की जा रही थी। शराब की पेटियों पर मौजूद बैच नंबर, डिटेल और होलोग्राम संबंधी जानकारी हटाए जाने की बात भी पुलिस ने कही है। मामले में थाना पिल्लूखेड़ा में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) BNS और 61-4-2020 एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब की सप्लाई के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच कर रही है।

Loading