सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के सरला मेमोरियल राजकीय कन्या महाविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और डायल-112 सेवा के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज उपनिरीक्षक नरेश कुमार व थाना शहर सफीदों के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य बलवान सिंह ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए पेटिंग प्रतियोगिता और रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता, टीम भावना और शारीरिक सक्रियता का संदेश दिया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों व स्टाफ को नशा विरोधी शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम में नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा और खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। थाना शहर सफीदों के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बताईं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, बैंकिंग फ्रॉड के मामलों में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता के लिए इस सेवा का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही इसके जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल की अपील की गई। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
![]()











