हाट बिजलीघर विवाद में किसानों का धरना जारी ग्रामीणों से बातचीत करने धरने पर पहुंचे अधिकारी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसआइटी गठित: डीएसपी गौरव शर्मा

5
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट स्थित 33 केवी बिजलीघर में 16 सितंबर की रात एडवोकेट प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर किसानों और ग्रामीणों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने अब क्रमिक अनशन शुरू कर बिजली निगम के खिलाफ रोष जताया। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं, मजदूर यूनियन के सदस्य और विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मारपीट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ गांव की चरमराई बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग भी उठाई। धरना स्थल पर किसानों से बातचीत करने के लिए डीएसपी गौरव शर्मा, नायब तहसीलदार संजय शर्मा और बिजली निगम सफीदों के एक्सईएन अमित कुमार पहुंचे। डीएसपी गौरव शर्मा ने आंदोलनकारियों को बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की ओर से एसआईटी गठित कर दी गई है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बिजली निगम के एक्सईएन अमित कुमार ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि हाट बिजलीघर के पूरे स्टाफ का तबादला कर नया स्टाफ तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए गांव में विशेष खुला दरबार भी लगाया जाएगा। अधिकारियों ने ग्रामीणों और किसानों से धरना समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव को वर्ष 2022 में जगमग योजना से जोड़ा गया था, लेकिन वर्तमान में करीब 13 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। आरोप है कि निर्धारित बिजली आपूर्ति के दौरान भी अघोषित कटौती होती रहती है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली समस्या को लेकर वे मिनी सचिवालय का घेराव भी कर चुके हैं। इसके बाद बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता की ओर से 16 घंटे बिजली आपूर्ति का प्रस्ताव मंजूर होने और 22 घंटे बिजली देने का आश्वासन मिलने की बात कही गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें नियमित रूप से 16 घंटे बिजली भी नहीं मिल रही। एडवोकेट प्रवीण कुमार बूरा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि घर की बिजली खराब होने के बाद वह हाट बिजलीघर पहुंचे थे, जहां लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एसडीओ ग्रामीण प्रभात, जेई रतनलाल, जेई , लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Loading