रेवाड़ी में टाइल्स शोरूम से 2.23 लाख रुपये चोरी, ताला तोड़कर घुसा आरोपी सीसीटीवी में कैद

4
Rewari News

रेवाड़ी शहर के गढ़ी बोलनी रोड पर कसोला चौक के नजदीक एक टाइल्स शोरूम का ताला तोड़कर 2.23 लाख रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में एक युवक अंदर घुसकर चोरी करता दिखाई दे रहा है। मालिक ने पुलिस को शिकायत और फुटेज उपलब्ध कराई है। हालांकि, सोमवार शाम तक चोरी का केस दर्ज नहीं हुआ था।

देवेंद्र ने गढ़ी बोलनी रोड पर रोहित टाइल्स एवं सैनेटरी के नाम से शोरूम खोल रखा है। उनके अनुसार, रविवार रात वह शोरूम बंद करके घर चले गए थे। रात में उन्हें शटर का ताला टूटा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो शोरूम के भीतर रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।

देवेंद्र ने बताया कि अलमारी में रखे 2.23 लाख रुपये गायब थे। शोरूम से अन्य सामान चोरी नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की, जिसमें वारदात का घटनाक्रम दिखाई दिया।

फुटेज के मुताबिक, एक युवक मोटरसाइकिल से बनाए गए रिक्शानुमा वाहन पर शोरूम तक पहुंचा। उसने पहले शटर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर नकदी निकाल ली। देवेंद्र ने यह रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।

पास की दूसरी दुकान के कैमरे में शोरूम के पीछे रिक्शे के नजदीक तीन अन्य लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनकी मौजूदगी सामने आने के बाद आसपास की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल चोरी में इन लोगों की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस की ईआरवी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की वीडियोग्राफी की। टीम ने देवेंद्र को थाने में शिकायत देने के लिए कहा। उन्होंने कसोला थाने में शिकायत दी, लेकिन उनके अनुसार सोमवार शाम तक मामला दर्ज नहीं किया गया था।

कसोला थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है। सीसीटीवी में दिखाई दे रहे आरोपी की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर जल्द केस दर्ज किया जाएगा।

Loading