रेवाड़ी के गांव ढाणी सुंदरोज के केशव हत्याकांड में सीआईए पुलिस अब तक एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने खोल ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन पंकज उर्फ रोंझ को मुख्य आरोपी मानते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पंकज अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपांशु उर्फ गोलू, नितिन उर्फ नेता, धीरज उर्फ नाईका, संजय उर्फ टोनी और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चार वयस्क आरोपियों पर पहले से कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, राम शर्मा ने 30 सितंबर को रामपुरा थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने भाई केशव शर्मा के साथ पिकअप गाड़ी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार लोगों ने उनका पीछा किया और हथियारों से हमला कर दिया। केशव से सोने की चेन, अंगूठी और 50 हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने बाद में घर में घुसकर पथराव किया। घटना में दोनों भाई घायल हुए। गंभीर हालत में केशव को रेवाड़ी से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पहले गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे बरामद किए थे। बाद में धीरज और संजय को हथियार, वाहन तथा छीना गया सामान बरामद करने के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। नाबालिग को फरीदाबाद के बाल सुधार गृह भेजा गया है।
केशव की मौत के बाद परिजनों ने सर्कुलर रोड जाम कर पंकज की गिरफ्तारी और रामपुरा थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की थी। मृतक के पिता ने पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।
डीएसपी संजीव बल्हारा ने जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()











