पांडु पिंडारा तीर्थ पर उमड़े श्रद्धालु, सुरक्षा में 200 से अधिक पुलिसकर्मी और गोताखोर तैनात

3
Jind News

जींद जिले के ऐतिहासिक पांडु पिंडारा तीर्थ पर शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर हजारों श्रद्धालु स्नान और पूजन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा तथा सुविधाओं की व्यवस्था की। सरोवर में स्नान के दौरान सुरक्षा के लिए नावों के साथ गोताखोर तैनात किए गए।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। डीएसपी ऋषभ सोढ़ी नोडल अधिकारी रहे। आवागमन और निगरानी के लिए नौ विशेष नाके बनाए गए, जबकि वाहनों के लिए चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई।

एसपी कुलदीप सिंह के निर्देश पर सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस की हिदायतों का पालन करने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने शुक्रवार को तीर्थ का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल, बिजली, अस्थायी शौचालयों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठान के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने, भीड़ में धैर्य रखने तथा धक्का-मुक्की से बचने की हिदायत दी गई। कीमती सामान का ध्यान रखने और संदिग्ध वस्तुओं को नहीं छूने के लिए भी कहा गया।

पार्किंग के लिए बस स्टैंड के सामने ठेके के पीछे खाली जमीन, गांव पिंडारा में पावर हाउस कार्यालय के पास खाली जमीन और सरोवर के सामने छोटे वाहनों के लिए स्थान तय किया गया। रोहतक रोड पुल के नीचे सर्विस लेन के दोनों ओर भी पार्किंग बनाई गई। श्रद्धालुओं से मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

Loading