सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल की बेटी नीवा दुग्गल का हरियाणा सिविल सेवा में चयन हुआ है। 28 वर्षीय नीवा ने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की। सुनीता दुग्गल के अनुसार, नीवा को मुख्य परीक्षा में 297 और इंटरव्यू में 47.60 अंक मिले। दोनों को मिलाकर उनका कुल स्कोर 344.60 रहा।
सुनीता दुग्गल ने बताया कि नीवा पिछले चार से पांच वर्षों से यूपीएससी और एचसीएस की तैयारी कर रही हैं। पिछले प्रयास में वह एचसीएस की मुख्य परीक्षा में कुछ अंकों से चूक गई थीं। इसके बाद उन्होंने तैयारी जारी रखी और इस बार चयन हासिल किया।
परिवार के अनुसार, नीवा इससे पहले दो बार यूपीएससी की मुख्य परीक्षा और दो बार संयुक्त रक्षा सेवा यानी सीडीएस परीक्षा भी पास कर चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स और एलएलबी की पढ़ाई की है। उनकी तैयारी का प्रमुख लक्ष्य यूपीएससी के माध्यम से सिविल सेवा में जाना है।
सुनीता दुग्गल ने कहा कि एचसीएस में चयन के बाद भी नीवा यूपीएससी की तैयारी जारी रखेंगी। फिलहाल वह दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के बाद हरियाणा लोक सेवा आयोग कार्यालय में बेटी से मुलाकात हुई थी। सुनीता ने बेटी की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत और लगातार तैयारी को दिया।
नीवा के पिता राजेश दुग्गल पूर्व डीआईजी हैं। उनकी मां सुनीता दुग्गल भारतीय राजस्व सेवा में रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में कदम रखा था।
सुनीता दुग्गल ने 2014 में भाजपा के टिकट पर फतेहाबाद जिले की रतिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें वह 453 मतों से हार गई थीं। वर्ष 2019 में सिरसा लोकसभा सीट से जीतकर सांसद बनीं। इसके बाद 2024 में रतिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं मिली।
अब बेटी नीवा के एचसीएस में चयन पर सुनीता दुग्गल ने खुशी जताई है। परिवार के मुताबिक, नीवा आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अपनी तैयारी जारी रखे हुए हैं।
![]()











