मोटापे से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूकता जरूरी, खानपान पर दें विशेष ध्यान : मोहन लाल बड़ौली सफीदों के ओम आयुर्वेदा में पहुंचे हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन, आचार्य विकास व योगेश कुमार के स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की सराहना की

3
Safidon News

सफीदों (एस• के• मित्तल) : हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित खानपान और अच्छी दिनचर्या बेहद जरूरी है। लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और खानपान में पौष्टिक आहार को प्राथमिकता देनी चाहिए। वे सफीदों स्थित ओम आयुर्वेदा में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने संस्थान की ओर से समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने संबोधनों में स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर देते रहे हैं। आयुर्वेद में खानपान, दिनचर्या और स्वस्थ जीवन जीने के बारे में प्राचीन ऋषि-मुनियों ने विस्तार से बताया है। आज के समय में लोगों को अपनी जीवनशैली में सुधार लाने और खानपान के प्रति सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आचार्य विकास कुमार और आचार्य योगेश कुमार दोनों भाई स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि लोगों को अपने भोजन में संतुलित और पौष्टिक आहार शामिल करना चाहिए। कम कैलोरी वाली सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हो सकता है। स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाना भी जरूरी है। आयुर्वेद की परंपरा में खानपान और जीवनशैली को विशेष महत्व दिया गया है। बड़ौली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से युवाओं को आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने की सीख मिलती है। युवाओं में प्रधानमंत्री के प्रति विश्वास है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज में किए गए सेवा कार्यों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों को भी बधाई दी।
बाक्स :-
फूल-मालाओं और शॉल भेंट कर किया स्वागत

ओम आयुर्वेदा पहुंचने पर चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली का फूल-मालाओं और शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर आचार्य विकास कुमार ने कहा कि मोहन लाल बड़ौली भाजपा के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि परमात्मा उन्हें राजनीति में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाए। आचार्य विकास कुमार ने कहा कि पंजाब चुनाव में पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने के लिए तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर अमरपाल राणा, सुरेश कौशिक, श्रवण गर्ग, जितेंद्र रोहड़, कृष्ण खातला, गीता बिटानी, जसमेर रजाना और प्रवेश चहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Loading