सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट स्थित 33 केवी बिजली घर में अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना और क्रमिक अनशन रविवार को भी जारी रहा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी शेष आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और गांव की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को भी धरनास्थल पर ग्रामीण क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान इनैलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा सहित कई नेताओं ने मौके पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उनके साथ प्रदीप गिल, बिजेन्दर रेढू, राजेश बूरा, धर्मेंद्र ढुल और बलराज नगूरां भी धरनास्थल पर पहुंचे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने और ग्रामीणों की बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई।
बाक्स:
बिजली समस्याओं को लेकर भी ग्रामीणों में रोष
धरने पर पहुंचे किसानों, मजदूर यूनियन के सदस्यों और विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि गांव हाट में बिजली से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उनका आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायतें रखी गईं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली घर में अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।
बाक्स:
मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश स्तर पर होगा आंदोलन
इनैलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने धरने को समर्थन देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने भी दोहराया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और बिजली व्यवस्था में सुधार होने तक धरना व क्रमिक अनशन जारी रहेगा।
बाक्स:
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी की मांग
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा की शिकायत के आधार पर एसडीओ ग्रामीण प्रभात, जेई रतनलाल, जेई राजेंद्र, लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लाइनमैन रवि को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बार एसोसिएशन सफीदों सहित प्रदेश की कई बार एसोसिएशनों ने भी समर्थन दिया है और कार्य स्थगित रखा हुआ है।
![]()











