यमुनानगर। सढौरा क्षेत्र के मोहल्ला प्रेम नगर में बुधवार रात एक मकान की ऊपरी मंजिल के कमरे में आग लग गई। परिवार के अनुसार, आग में जेवर, 25 हजार रुपये की नकदी, घरेलू सामान और हाल ही में खरीदी गई 43 इंच की एलईडी जल गई। घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पीड़ित बबीता ने बताया कि उनका दो मंजिला मकान है। ऊपरी मंजिल पर बेटा समीर और पुत्रवधू रहते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे रहते हैं। नवरात्र के अवसर पर ऊपर के कमरे में माता की ज्योत जलाई गई थी। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य नीचे बैठे थे।
धुआं देखकर चला आग का पता
बबीता के अनुसार, शुरुआत में परिवार को आग लगने का पता नहीं चला। कुछ देर बाद ऊपर से धुआं उठता दिखाई दिया तो परिजन कमरे की ओर दौड़े। वहां पहुंचने तक आग फैल चुकी थी और कमरे में रखा सामान जल रहा था।
परिवार के सदस्यों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।
नई एलईडी की एक ही किस्त चुकाई थी
बबीता ने बताया कि आग में पुत्रवधू के विवाह के समय मिला सामान, जेवर और नकदी भी जल गई। कमरे में रखी 43 इंच की एलईडी हाल ही में खरीदी गई थी और अभी उसकी केवल एक किस्त जमा करवाई गई थी। परिवार ने घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही है। हालांकि, नुकसान का औपचारिक आकलन सामने नहीं आया है।
परिवार ने आशंका जताई कि किसी चूहे की हलचल से ज्योत नीचे गिरने के कारण आग लगी होगी। आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
![]()











