पंचकूला में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के आरोप में दो गिरफ्तार, 70 कार्ड और पॉस मशीन बरामद

4
Panchkula News

पंचकूला। साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 70 एटीएम कार्ड और एक फोनपे पॉस मशीन बरामद हुई है। दोनों को 14 अक्टूबर की शाम सेक्टर-20 मार्केट से गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिसार जिले के गांव लोधी राघव निवासी मनोज कुमार और भिवानी जिले के गांव रोहनात निवासी अनिल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों दिल्ली-एनसीआर में रहकर वारदात करते थे और दो-तीन दिन पहले ही पंचकूला आए थे।

एटीएम के आसपास घूमने की मिली थी सूचना
पीएसआई अभिषेक छिल्लर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक सेक्टर-20 मार्केट में एटीएम मशीनों के आसपास घूम रहे हैं। उनके पास कई बैंक कार्ड और एक बैग में पॉस मशीन होने की जानकारी भी मिली थी।

इसके बाद एएसआई सतीश कुमार, सिपाही मोहित और होमगार्ड कमलप्रीत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर पार्किंग की ओर बढ़ रहे दोनों युवकों को काबू किया।

मदद के बहाने कार्ड बदलने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम से पैसे निकालने में परेशानी का सामना कर रहे लोगों, विशेषकर बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने पिन देखकर उनका कार्ड उसी बैंक के दूसरे कार्ड से बदलने का आरोप है। इसके बाद असली कार्ड का इस्तेमाल कर रकम निकाली जाती थी।

पुलिस ने यह भी बताया कि एटीएम में छूटे कार्ड का पॉस मशीन के जरिए अनधिकृत लेनदेन में इस्तेमाल करने की बात प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई है।

खातों और अन्य वारदातों की होगी जांच
दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। जांच में पॉस मशीन से जुड़े बैंक खातों, संभावित पीड़ितों और अन्य वारदातों का पता लगाया जाएगा। ठगी की कुल रकम अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

Loading