नीरू ढांडा के तीन पदकों पर कैश अवॉर्ड को लेकर संशय, परिवार ने उठाई मांग; मंत्री बोले—हर संभव प्रयास करेंगे

4
Neeru Dhanda

जींद। एशियन गेम्स में शूटिंग में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली नीरू ढांडा को हरियाणा सरकार से मिलने वाले कैश अवॉर्ड को लेकर परिवार ने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। गांव संगतपुरा निवासी नीरू मध्य प्रदेश की ओर से खेलती हैं। इसी कारण परिजनों को चिंता है कि हरियाणा की पुरस्कार नीति के तहत उन्हें लाभ मिलेगा या नहीं।

बुधवार को गांव में आयोजित स्वागत समारोह में नीरू के मामा सोमवीर पहलवान ने मंच से यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद नीरू ने शूटिंग जैसे महंगे खेल में मेहनत कर देश के लिए तीन पदक जीते हैं। उन्हें उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और पुरस्कार मिलना चाहिए।

परिवार ने बताया आर्थिक संघर्ष
सोमवीर पहलवान के अनुसार, शूटिंग के अभ्यास में रोजाना काफी खर्च होता है। बीपीएल परिवार से आने वाली नीरू को आगे बढ़ाने के लिए परिवार ने कई मुश्किलों का सामना किया। उन्होंने सरकार से पुरस्कार राशि देने की मांग की।

समारोह में मौजूद मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि नीरू उनके परिवार और डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा के हलके की बेटी हैं। उन्होंने इस मामले में अपनी ओर से हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।

मध्य प्रदेश से खेलने के कारण पात्रता पर सवाल
परिवार की चिंता पुरस्कार की राशि के साथ पात्रता को लेकर भी है। उनका कहना है कि दूसरे राज्य की ओर से खेलने के कारण नीरू पुरस्कार से वंचित नहीं रहनी चाहिए। फिलहाल उन्हें मिलने वाली राशि और पात्रता पर कोई अंतिम आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

जिला खेल अधिकारी ने क्या कहा
जींद के जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने बताया कि पहले रिहायशी प्रमाणपत्र और बाद में हरियाणा की ओर से खेलने संबंधी प्रावधान रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि इसके बाद हुए बदलावों की उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है।

हुड्डा के अनुसार, पहले एक पदक पर पूरा और दूसरे व तीसरे पदक पर आधा पुरस्कार देने का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि मौजूदा नीति के अनुसार खिलाड़ियों को उनका हक और सम्मान मिलेगा।

Loading