अंबाला कैंट में लड़ रही गायों की चपेट में आई नौ साल की बच्ची, घायल होने पर अस्पताल में कराया उपचार

4
Ambala News

अंबाला। कैंट के तोपखाना क्षेत्र में घर के बाहर घूम रही नौ वर्षीय बच्ची दो गायों की लड़ाई की चपेट में आकर घायल हो गई। परिजन उसे अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार के अनुसार, बच्ची के मुंह और दांतों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी मां ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं को पकड़ने और इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

गाय की टक्कर लगने से नीचे गिरी
बच्ची की मां मनीषा ने बताया कि उनकी बेटी घर के बाहर थी। इसी दौरान गली में दो गायें आपस में लड़ने लगीं। लड़ते हुए वे बच्ची के पास पहुंच गईं और एक गाय की टक्कर लगने से वह नीचे गिर गई। उसके मुंह पर चोट लगने के बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए।

मनीषा के अनुसार, हादसे में बेटी के दो दांत निकल गए और दो अन्य दांत हिल गए। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने दांतों को स्थिर करने के लिए वायरिंग की है। बच्ची का उपचार कराया जा रहा है।

पशुओं को पकड़ने की मांग
मनीषा ने क्षेत्र की गलियों और सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि पशुओं के आपस में लड़ने से बच्चों और राहगीरों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।

उन्होंने बच्ची के उपचार के लिए मुआवजा अथवा आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई है। परिवार का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में पशुओं की आवाजाही से लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है और इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।

Loading