बहादुरगढ़ में खेलते समय चार बच्चे लापता, तीन परिवारों ने की शिकायत; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

4
Bahadurgarh News

झज्जर। बहादुरगढ़ के सांख्योल क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहे तीन परिवारों के चार बच्चे लापता हो गए। परिजनों के अनुसार, बच्चे मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक साथ खेल रहे थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला तो बुधवार को पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने बच्चों की तलाश और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

खेलने के दौरान हुए लापता
परिजनों ने बताया कि चारों बच्चे सत्यनारायण चौकी के सामने कच्ची जगह पर खेल रहे थे। कुछ समय बाद वे वहां दिखाई नहीं दिए। बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उनके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।

तीनों परिवार सांख्योल क्षेत्र में रहते हैं और आसपास की अलग-अलग कंपनियों में मजदूरी करते हैं। बच्चे भी अपने परिवारों के साथ इसी इलाके में रह रहे थे। लापता बच्चों में सुमित और आशीष की उम्र 13 वर्ष तथा नजीम की उम्र 15 वर्ष बताई गई है। चौथे बच्चे का विवरण सामने नहीं आया है।

फुटेज में दिखे बच्चे की पहचान स्पष्ट नहीं
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में एक बच्चा पैदल जाता दिखाई देने की जानकारी मिली है। हालांकि, वह लापता बच्चों में से कौन है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। बाकी बच्चों की मौजूदगी को लेकर भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस फुटेज के आधार पर बच्चों के जाने की दिशा का पता लगाने का प्रयास कर रही है। परिजन भी अपने स्तर पर तलाश कर रहे हैं।

बच्चे कहां और किन परिस्थितियों में गए, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल चारों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। बच्चों के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

Loading