‘IITian बाबा’ अभय सिंह बोले—मैं स्वस्थ हूं, पत्नी के साथ धर्मशाला में हूं; पुलिस ने भी अफवाहों का किया खंडन

3
IITian Baba

झज्जर। ‘आईआईटियन बाबा’ के नाम से चर्चित अभय सिंह ने अपनी मौत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का खंडन करते हुए खुद को स्वस्थ बताया है। दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पत्नी प्रतीका के साथ हैं और ध्यान व आध्यात्मिक गतिविधियों में समय बिता रहे हैं।

अभय सिंह ने अपनी मां और मौसा जितेंद्र से भी फोन पर बात की। करीब 40 सेकंड की बातचीत में उन्होंने कहा कि वह बिल्कुल ठीक हैं। अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चाएं चलती रहती हैं और उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है।

हिसार की घटना से जोड़कर फैलाई गईं पोस्ट
हिसार के एक होटल में आईआईटी के पूर्व छात्र की मौत के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने घटना को अभय सिंह से जोड़ दिया था। इसके बाद अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके बारे में भ्रामक पोस्ट साझा होने लगीं।

हिसार पुलिस ने बुधवार को वीडियो जारी कर इन खबरों का खंडन किया। पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंद्र सिंह ने बताया कि पीएलए क्षेत्र में मृत मिले व्यक्ति राहुल जैन थे। वह हिसार के निवासी और आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस घटना का अभय सिंह से कोई संबंध नहीं है।

परिवार से भी बना हुआ है संपर्क
परिवार के अनुसार, अभय सिंह पिछले दिनों पत्नी के साथ माता-पिता से मिलने आए थे। अब उन्होंने फोन पर परिवार से बातचीत कर अपने स्वस्थ होने और धर्मशाला में रहने की जानकारी दी है।

अप्रैल में पत्नी के साथ पहुंचे थे गांव
अभय सिंह 6 अप्रैल 2026 को पत्नी प्रतीका के साथ झज्जर जिले के अपने पैतृक गांव सासरौली पहुंचे थे। परिवार ने दोनों का स्वागत किया था।

उन्होंने उस समय बताया था कि 15 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में विवाह और 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद से दोनों धर्मशाला में रह रहे हैं।

Loading