करनाल। दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की बस पर शनिवार रात नीलोखेड़ी में डिवाइन स्टार रेस्टोरेंट के बाहर पथराव हुआ। इससे बस के कई शीशे टूट गए और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना को लेकर पुलिस और सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस ने फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की पुष्टि नहीं की है।
बुटाना थाना प्रभारी विपिन कुमार के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े दस बजे ढाबे की पार्किंग में हुई। वहां खड़ी कार से बस टच होने के बाद दोनों चालकों के बीच बहस शुरू हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर कार सवार युवकों ने बस पर पथराव कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और वे वहां से चले गए। किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, रविवार सुबह इमरान नबी डार नाम के यूजर ने एक्स पर घटना का वीडियो साझा किया। वीडियो में एक युवक ने पुलिस के बताए घटनाक्रम से अलग दावा करते हुए कहा कि बस की किसी कार से टक्कर नहीं हुई थी। उसके अनुसार, बस ढाबे पर रुकी हुई थी और इसी दौरान उस पर पत्थर फेंके गए।
वीडियो में युवक ने बस के पैनल, शीशे और नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के साथ एक बुजुर्ग की नाक पर चोट लगने का आरोप लगाया। उसने मौके पर सहयोग नहीं मिलने की बात भी कही। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना से संबंधित पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पथराव की निंदा की है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा ऐसी घटनाएं दोबारा रोकने के कदम उठाने की मांग की। घटना करनाल के नीलोखेड़ी क्षेत्र की है, जबकि शुरुआती सोशल मीडिया पोस्ट में कुरुक्षेत्र के पास का उल्लेख किया गया था।
![]()











