कनाडा में हरियाणवी युवक पर हमला, गाड़ी की नंबर प्लेट पर ‘बिश्नोई’ लिखे होने से गैंग से जुड़ाव का लगाया आरोप; महासभा ने उठाई कार्रवाई की मांग

3
Ankush Bishnoi Canada Attack

चंडीगढ़। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में लॉरेंस गैंग का नाम सामने आने के बीच कनाडा के वैंकूवर में भारतीय मूल के हरियाणवी युवक अंकुश बिश्नोई पर कथित हमले का मामला सामने आया है। उबर चालक के रूप में काम करने वाले अंकुश का आरोप है कि उनकी गाड़ी की व्यक्तिगत नंबर प्लेट पर बिश्नोई उपनाम से मिलता-जुलता ‘BIS9E’ लिखा होने के कारण कुछ लोगों ने उन्हें आपराधिक गिरोह से जोड़कर निशाना बनाया। अंकुश के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2023 में यह नंबर प्लेट लगवाई थी। उनका किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि वैंकूवर में गाड़ी चलाते समय कुछ लोगों ने उन्हें रोककर वाहन किनारे लगवाया और लॉरेंस गैंग का सदस्य होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने कथित तौर पर उनके चेहरे पर मुक्के और कड़े से वार किए, जिससे वह घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी गाड़ी की नंबर प्लेट भी मोड़ दी। अंकुश के मुताबिक, घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति वीडियो बना रहा था। उन्होंने बताया कि बाद में ब्रिटिश कोलंबिया बीमा निगम (ICBC) की ओर से उनसे संपर्क किया गया और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए व्यक्तिगत नंबर प्लेट बदलने का विकल्प दिया गया। इस घटना के बाद अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा ने भारत स्थित कनाडाई उच्चायोग को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महासभा के प्रधान देवेंद्र बूढ़िया ने कहा कि किसी व्यक्ति के उपनाम या समुदाय के आधार पर उसे आपराधिक गिरोह से जोड़ना अनुचित है। उन्होंने कनाडाई अधिकारियों से घटना की संभावित घृणा अपराध के रूप में जांच करने और वहां रहने वाले बिश्नोई समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। महासभा ने समुदाय के लोगों की शिकायतों के लिए संपर्क अधिकारी नियुक्त करने तथा आपराधिक गिरोहों और सामान्य नागरिकों के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखने की मांग भी की है। संगठन ने कहा कि वह हिंसा और जबरन वसूली के खिलाफ है। फिलहाल हमले से जुड़े आरोपों और परिस्थितियों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

Loading