मुजफ्फरनगर। हरियाणा के कैथल जिले की रहने वाली 23 वर्षीय एमबीबीएस छात्रा शगुन सैनी की उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा मेडिकल कॉलेज में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि मौत के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। शगुन कैथल के गांव बाबा लदाना की निवासी थी। थाना प्रभारी विपिन त्यागी के मुताबिक, छात्रा सोमवार शाम बाहर से लौटने के बाद अपने हॉस्टल के कमरे में गई थी। उस समय उसकी रूम पार्टनर जिया मौजूद नहीं थी। रात करीब साढ़े आठ बजे जिया वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। कई बार आवाज लगाने और मोबाइल पर संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास की छात्राएं भी मौके पर पहुंचीं। कमरे के रोशनदान से देखने पर शगुन अचेत अवस्था में दिखाई दी। सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खोलकर छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, रूम पार्टनर से पूछताछ में शगुन का किसी दोस्त के साथ विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है, लेकिन इसे मौत का कारण मानना अभी जल्दबाजी होगी। शगुन के पिता सतीश सैनी और माता शालिनी दोनों सरकारी शिक्षक हैं। उसका एक भाई भी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, शगुन ने करीब चार वर्ष पहले मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था। उसकी पढ़ाई पर परिवार ने लगभग एक करोड़ रुपए खर्च किए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की जांच और संबंधित लोगों के बयान मिलने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
![]()











