टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में सोनीपत के 18 वर्षीय समीर से पूछताछ, मां बोलीं—बेटा किडनी की बीमारी से पीड़ित, निष्पक्ष जांच कर उसे छोड़ा जाए

1
Tiger Shroff Firing Case

सोनीपत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच में हरियाणा के सोनीपत निवासी 18 वर्षीय समीर का नाम सामने आया है। समीर पर गिरफ्तार आरोपी रेहान की कथित तौर पर लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित से बातचीत करवाने में भूमिका होने का संदेह जताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, फायरिंग वाली रात सोनीपत एसटीएफ की टीम समीर को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। परिजनों का कहना है कि वह अब तक घर नहीं लौटा है। हालांकि, समीर की कथित भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गांव देवड़ू निवासी समीर की मां मंजू और मौसी बबली ने उसे निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मां मंजू के अनुसार, समीर 12वीं कक्षा का छात्र है और नियमित रूप से स्कूल जाता है। वर्ष 2021 में करीब 14 वर्ष की उम्र में संक्रमण के कारण उसकी किडनी प्रभावित हुई थी। इसके बाद से उसका लगातार उपचार चल रहा है और कई बार अस्पताल में भर्ती भी करवाना पड़ा है। परिजनों का कहना है कि बीमारी के कारण समीर स्कूल से लौटने के बाद अधिकतर समय घर में आराम करता है। उसकी मौसी बबली ने बताया कि समीर और रेहान बचपन में पड़ोसी थे, लेकिन बाद में समीर का परिवार दूसरी कॉलोनी में रहने लगा था। परिवार के अनुसार, अगस्त में इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ तस्वीरें साझा करने के मामले में भी समीर का नाम सामने आया था। हालांकि, परिजनों ने उसके किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े होने से इनकार किया है। समीर के पिता हसन निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं। परिवार में समीर के अलावा तीन अन्य भाई-बहन हैं। मां मंजू ने पुलिस से घर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्कूल की उपस्थिति का रिकॉर्ड जांचने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पड़ोसियों से पूछताछ करके भी बेटे की गतिविधियों की जानकारी ली जा सकती है। परिजनों ने समीर की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच और उसे जल्द घर भेजने की अपील की है। फिलहाल जांच एजेंसियां फायरिंग मामले में आरोपियों के संपर्कों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। समीर के खिलाफ किसी आरोप की पुष्टि होना अभी बाकी है।

Loading