एमजी रोड पर अतिक्रमण का कहर बरकरार

154
सफीदों अतिक्रमण
सफीदों अतिक्रमण

महज खानापूर्ति साबित हुआ नगरपालिका का अतिक्रमण हटाओं अभियान

दुकानदारों ने फिर सड़क पर कब्जा जमाया

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों में सड़कों पर अवैध कब्जों की भरमार है। नगर का कोई भी ऐसा मार्ग नहीं है जहां पर अतिक्रमण ना हो। लेकिन सबसे ज्यादा हालात महात्मा गांधी, मकबरा पीर रोड़, महाराजा अग्रसैन चौंक, मेन बाजार व रेलवे रोड़ के है। 30 अक्टूबर को नगर पालिका द्वारा चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान महज खानापूर्ति साबित हुआ है। जैसे-जैसे अतिक्रमण हटाओ दस्ता आगे बढ़ता गया, पीछे से दुकानदारों ने फिर से सड़क पर कब्जा जमा लिया।

दुकानदारों द्वारा सड़क पर उसी तरह से सामान रख लिया है, बोर्ड-फ्लेक्स लगा लिए है। कई दुकानदारों ने उसी प्रकार से पक्के रूप से खोमचे जमाकर कब्जा कर लिया है। एमजी रोड सफीदों की पुरानी मंडी को मिनी सचिवालय, बस स्टैंड, मकबरा पीर रोड़, रामपुरा रोड़, नई अनाज मंडी और कई गांवों से जोड़ता है। रोजाना हजारों वाहन और पैदल यात्री यहां से गुजरते हैं। सड़क की चौड़ाई पर्याप्त होने के बावजूद दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे कई फुट तक सामान रखकर कब्जा कर लिया गया है। कई लोगों ने पक्के शैड़ डालकर व खोमचे जमाकर पक्के कब्जे कर लिए है।

हालात ये हैं कि इस रोड़ पर स्थित बड़े-बड़े संस्थानों ने तो बड़े-बडे जरनेटर सैट भी रोड़ पर स्थापित किए हुए है। अगर यूं कहे कि दुकानदारों व अन्य संस्थानों ने अवैध कब्जे करने की सभी सीमाएं पार दी है तो भी कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। इन अवैध कब्जों के कारण रोड़ पर भीड़ बढ़ रही है, जाम लग रहे, वाहन टकरा रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

नगर पालिका समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की अनाउंसमेंट करवाती है, लेकिन धरातल पर कोई असर नहीं दिखता। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि प्रशासन को सख्ती से पेश आना होगा अन्यथा यह अतिक्रमण इसी प्रकार से जारी रहेगा। लोगों का कहना है कि प्रशासन को हर हफ्ते अतिक्रमण हटाने का शेड्यूल बनाना चाहिए, तभी दुकानदार अपनी हरकतों से बाज आएंगे।

बाक्स:
नगर पालिका सचिव आशीष कुमार ने बताया कि हम बार-बार अनाउंसमेंट करवाते हैं ताकि दुकानदार अतिक्रमण न करें। कई अभियान चला चुके हैं और स्थायी कब्जों को नोटिस भी दे चुके हैं। जल्द ही निशानदेही करवाई जाएगी दुकानदारों की हद तय की जाएगी।

Loading